प्रादेशिक

हॉस्पिटैलिटी जगत के चमकते सितारे सुरेन्द्र सिंह रावत सहित 14 विभूतियों को मिला ‘माय देहरादून, माय प्राइड’ सम्मान

देहरादून, मई 28, 2026: देश के प्रतिष्ठित समाचार समूह दैनिक जागरण द्वारा आयोजित ‘माय देहरादून, माय प्राइड’ कॉन्क्लेव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन देहरादून स्थित रामाडा बाय विंडहैम होटल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सामाजिक सुधार, पैरा ओलंपिक, मर्चेंट नेवी एवं आतिथ्य उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 14 विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन देहरादून की प्रतिभाओं, उपलब्धियों एवं विकासशील दृष्टिकोण को समर्पित रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देहरादून नगर निगम के मेयर श्री सौरभ थपलियाल रहे, जबकि उत्तराखंड सरकार के आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार (आईएएस) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों गणमान्य अतिथियों ने उत्तराखंड की उभरती प्रतिभाओं एवं समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्वों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक प्रेरणा प्रदान करते हैं और प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले लोगों को नई ऊर्जा देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान तीन महत्वपूर्ण पैनल चर्चाओं का आयोजन किया गया, जिनमें कुल 15 प्रतिष्ठित वक्ताओं ने सहभागिता की। इन चर्चाओं में उत्तराखंड के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, शहरी प्रबंधन, युवा अवसरों तथा सामाजिक बदलाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के प्रमुख वक्ताओं में देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह (आईएएस), उत्तराखंड की महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक श्री मुकुल सती शामिल रहे। वक्ताओं ने अपने विचारों के माध्यम से उत्तराखंड के समग्र विकास, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा युवाओं के लिए नए अवसरों पर प्रकाश डाला।

सम्मानित होने वाले प्रमुख व्यक्तित्वों में रावत हॉस्पिटैलिटी के चेयरमैन श्री सुरेन्द्र सिंह रावत का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उन्हें हॉस्पिटैलिटी उद्योग में पिछले 24 वर्षों से दिए जा रहे समर्पित योगदान के लिए सम्मानित किया गया। श्री रावत ने अपने करियर की शुरुआत विभिन्न तीन से पांच सितारा होटलों में कार्य करते हुए की थी और अपने अनुभव, परिश्रम एवं दूरदर्शिता के बल पर उन्होंने पिछले पांच वर्षों में ‘रावत हॉस्पिटैलिटी’ एवं ‘7कलर्स’ ब्रांड को सफलतापूर्वक स्थापित किया।

आज ‘7कलर्स’ ब्रांड के अंतर्गत सूरत, इच्छापुर, नवसारी, नई टिहरी एवं ऋषिकेश सहित विभिन्न शहरों में कई प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं। श्री रावत ने हॉस्पिटैलिटी उद्योग में गुणवत्ता, रोजगार सृजन एवं सेवा उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए हैं। वर्तमान में वे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 300 से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त वे निकट भविष्य में किचन इक्विपमेंट क्षेत्र में भी नए व्यावसायिक विस्तार की योजना बना रहे हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दैनिक जागरण के इस प्रयास की सराहना की और इसे उत्तराखंड की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

‘माय देहरादून, माय प्राइड’ कॉन्क्लेव एवं सम्मान समारोह ने न केवल समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे व्यक्तित्वों को सम्मानित किया, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य, विकासशील सोच एवं सामाजिक प्रगति को भी नई दिशा प्रदान की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button